शुचि अग्रवाल की प्रोफाइल फ़ोटो

कामकाजी महिला हो या घर पर रह कर दिन भर काम करने वाली महिला, सभी के पास काम की लाइन लगी होती है और कोई भी अपना पूरा समय रसोई में व्यतीत नही करना चाहता। तो मैं सभी को ध्यान में रखते हुए इस उत्तर को लिख रही हूँ।

आपने पूछा है आसान थाली! थाली की बात करें तो इसमें एक व्यंजन तो परोसा नहीं जायेगा। थाली में तो कई व्यंजन होते हैं। तो आप चाहती हैं कि हम आपको थाली भरकर खाना बनाना सिखा दें जिसे आप 30 मिनट में बना लें। ठीक है आपकी चुनौती मंजूर!

आज हम आपको उत्तर प्रदेश में रोजाना में बनने वाले खाने को बनाना सिखाने जा रहे हैं। इस थाली में है दाल चावल रोटी और सब्जी। यहाँ हम यह मानकर चल रहे हैं कि घर पर दो प्रेशर-कुकर हैं। और आपके पास 2 चूल्हे वाला गैस बर्नर है।

आज हम यहाँ तुअर/अरहर की दाल, सूखे आलू, चावल और रोटी बनाना बता रहे हैं।

चलिए हमारा समय शुरू होता है अब।

  • कुकर में आलू लें। पानी से अच्छे से धोएं। साफ पानी डालें। आलू को उबलने के लिए गैस पर रखें। १ मिनट
  • प्लेट में अरहर दाल लें। इसे बीनें और साफ करें। कुकर में डालें, धोएं। साफ पानी डालें। नमक और हल्दी डालें। आंच पर चढ़ाएं। २ मिनट
  • चावल लें, बीनें और अब इसे धोएं। चावल को भगोने में भिगो कर रखें। १ मिनट
  • परात में आटा लें। पानी डालें और आटा गूथें। आटे को थोडा लोच देकर चिकना करें और ढककर रखें। २ मिनट
  • अब तक दाल में उबाल आ रहा होगा। कुकर का ढक्कन बंद कर दें। मध्यम आंच पर एक सीटी लेनी है। इसमें ४-५ मिनट लगते हैं। आप अपना काम चालू रखें।
  • दोनों गैस व्यस्त हैं तो अगर आपको सलाद काटना है तो फटाफट काट लें। खीरा छीलकर, धोकर काटने के लिए। २ मिनट

अभी तक हमने कुल मिलाकर लगभग ८-१० मिनट लिए हैं। अब आलू लगभग उबलने वाले होंगें।

  • आलू अब तक उबल गए होंगें - आलू का कुकर हटाकर तवा चढ़ा दें।
  • अब रोटी बना लें। मान लीजिये आपको ८ रोटी सेकनी हैं तो एक रोटी बनाने में ३० सेकंड्स के हिसाब से ४ मिनट लगेंगे रोटी बनाने में।

अब तक लगभग १५ मिनट हो चुके हैं।

  • दाल अब तक गल गयी होगी। दाल हटाकर चावल चढ़ा दें। रोटी का तवा हटाकर कढ़ाही चढ़ा दें धीमी आंच पर। आलू छीलें। कढ़ाही में तेल डालें। आलू को काटें। तेल गरम हो गया होगा, इसमें जीरा और हींग डालें। मसाले डालें और फिर आलू डालकर भूनें। आलू को भुनने दें। थोडा हरा धनिया काटकर डालें आलू में। लगभग ४ मिनट लिये।
  • चावल चेक करें। दाल के कुकर की सीटी निकल गयी होगी। दाल में मसाले डालें, हरा धनिया काटकर डालें और नींबू का रस डालें। बीच बीच में आलू चलाते जाएँ। २ मिनट

अब तक २२ मिनट हो गए हैं लगभग।

  • आलू अब भुन गए होंगें, आलू को सर्विंग डिश में डालें। कढ़ाही को वापस गैस पर रखें। घी डालें। दाल का तड़का बनायें - हींग जीरे और लाल मिर्च का। तड़के को दाल में डालें। २ मिनट
  • चावल चेक करें। अगर मांड निकालकर बनाना है तो मांड निकालें। चावल अब तैयार हैं। २ मिनट
  • पापड़ भूनना है तो वो भी भून लीजिये। १-२ मिनट

खाना बन गया है और लगभग ३० मिनट भी हो गए होंगें। दाल, चावल, रोटी, सब्जी को थाली में परोसें। स्वादिष्ट, पौष्टिक थाली अब तैयार है। नीचे लगी फोटो में दही नहीं है लेकिन खाने के साथ दही भी परोसें। दही स्वास्थ्य की दृष्टि से बहुत अच्छा है।

आजकल सब लोग साथ खाना खाते हैं तो रोटी हमने पहले सेक लीं। लेकिन अगर गरम रोटी खिलानी हैं तो काम का क्रम आगे पीछे कर सकते हैं।

हमारे पास कोई बर्तन मांजने वाला नहीं है तो हम लोग साथ के साथ सफाई करते चलते हैं। आटा गूंथते ही इसे एक कटोरदान में रखकर परात हाथ के हाथ साफ कर देते हैं जिससे सिंक भरता नही है। बड़े बर्तन डिशवाशर में भी नहीं डालते क्योंकि यह बहुत स्थान लेते हैं। आलू वाला कुकर साफ है उसे सिंक में रखने की बजाय तुरंत पानी से धोकर टोकरी में रखें। विदेश में रहने वालों के लिए यह सुझाव ज्यादा कारगर है।

यहाँ यह स्पष्ट कर दूं कि मुझे कई तरह के चूल्हों पर और कई परिवेशों में भोजन बनाने का अनुभव है। विदेश में काम के बोझ से दबे हुए हाथ बहुत तेज भी चलते हैं तो हो सकता है आपको ४-५ मिनट ज्यादा लग जाएँ लेकिन यह पूरा खाना बहुत फटाफट बनता है।

प्रतीक्षा जी प्रश्न पूछने के लिए धन्यवाद।

इस सवाल के 4 और जवाब देखें